संगरूर - आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्ड की एक व्यक्ति ने हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। इसके बारे में डीएसपी पीएस चीमा ने बताया कि शनिवार रात्रि लगभग साढ़े दस बजे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर ड्यूटी दे रहे सुरक्षा गार्ड एवं पूर्व सैनिक प्यारा सिंह निवासी सेखा रोड बरनाला की नामजद आरोपी प्रेम सिंह निवासी हंडियाया रोड बरनाला से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
इस दौरान प्यारा सिंह को प्रेम सिंह ने बेरहमी से पीट डाला, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि थाना सिटी की पुलिस ने मारे गए सुरक्षा गार्ड प्यारा सिंह के पुत्र भिदरपाल सिंह के बयान के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।