पेइचिंग - चीन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अरुणाचल प्रदेश की यात्रा को लेकर भारत के साथ कड़ा विरोध दर्ज कराया और कहा कि सीमा विवाद को सुलझाने के लिहाज से यह कारगर नहीं है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने बयान में कहा, भारतीय पक्ष की गतिविधि दोनों पक्षों के बीच विवादों को सही से सुलझाने और नियंत्रित करने के लिहाज से कारगर और द्विपक्षीय रिश्तों की प्रगति के सामान्य हालात के अनुरूप नहीं है।
मोदी ने शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश की यात्रा के दौरान कहा कि केंद्र सरकार कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिहाज से क्षेत्र को जैविक खेती का गढ़ बनाने की योजना बना रही है और लंबे समय से अनदेखी का शिकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में 2जी, 3जी और 4जी कनेक्टिविटी को सुधारना चाहती है। चीन की सरकारी शिन्हुआ संवाद समिति ने हुआ के बयान के हवाले से जारी खबर में कहा, मोदी ने शुक्रवार को चीन-भारत सीमा के पूर्वी हिस्से में एक विवादित क्षेत्र की यात्रा की और तथाकथित अरणाचल प्रदेश की स्थापना से जुडे आयोजनों में शामिल हुए। इस राज्य की भारतीय अधिकारियों ने 1987 में गैरकानूनी और एकपक्षीय तरीके से घोषणा की थी।