बगदाद - इराक की राजधानी बगदाद में लंबे समय से लगा कर्फ्यू खत्म किए जाने से पहले सिलसिलेवार रूप से आज हुए बम विस्फोटों में 37 लोग मारे गए। शहर के न्यू बगदाद इलाके में सबसे भीषण हमला हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने हार्डवेयर दुकानों वाले एक मार्ग को निशाना बनाया, जिसमें 22 लोग मारे गए, जबकि कम से कम 45 घायल हुए।
दूसरा हमला कुछ ही देर बाद मध्य बगदाद के लोकप्रिय शोरजा बाजार में हुआ। पुलिस ने बताया कि इसमें 11 लोग मारे गए और 26 अन्य घायल हुए। दक्षिणी बगदाद के अबू शीर बाजार में एक बम विस्फोट में कम से कम 4 लोग मारे गए। जबकि 15 अन्य घायल हो गए। बहरहाल, किसी भी संगठन ने अभी तक इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।