जीरकपुर - मोहाली के गांव खेलन के पास शनिवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर 2 गुटों में फायरिंग हो गई। फायरिंग के दौरान एक ग्रुप के 2 सदस्य गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती करवाया गया। पंजाब और हरियाणा बॉर्डर एरिया होने के चलते दोनों राज्यों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। लालडू एसएचओ महेश सैनी के अलावा हरियाणा में महेश नगर, रायपुररानी और अंबाला के एसएचओ भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस को जांच के दौरान घटना स्थल से एक खाली और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। फायरिंग के पीछे बराड़ा (हरियाणा) के एक ग्रुप का हाथ बताया गया है। मौके से प्राप्त जानकारी अनुसार शानिवार शाम करीब 4 बजे बीआर ग्रुप का भुप्पी राणा निवासी जोधपुर अपने एक अन्य साथी जगदीश और दिनेश निवासी अमृतसर और लखविंदर सिंह के साथ डस्टर गाड़ी में जोधपुर वापस जा रहे थे।
रास्ते में एक मोड़ पर उनपर 2 मोटरसाइकलों पर सवार 4 युवकों ने हमला बोल दिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते देख वे गाड़ी रोककर खेतों में भागने लगे। मोटरसाइकिल सवार चारों युवकों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक गोली लखविंदर की छाती और एक गोली दिनेश की टांग पर लगी। फायरिंग के बाद मोटरसाइकल सवार मौके से अंबाला की ओर फरार हो गए। बाद में भुप्पी राणा उसी डस्टर में घायलों को लेकर पीजीआई पहुंचा और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। पंजाब पुलिस के एसपी अनिल शर्मा के अनुसार पुलिस ने मौके से .315 बोर का खाली और 7.65 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले जीरकपुर के भबात गांव के मुश्ताक की बराड़ा के नजदीक मोनू राणा ग्रुप ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस केस में भुप्पी राणा और मोहित कुमार नामक युवक नामजद हैं। फायरिंग को इससे जोड़ कर देखा जा रहा है। पुलिस भुप्पी राणा के बयान और घायलों की पहचान के बाद हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।