लंदन - फ्रांस की पत्रिका शार्ली एब्दो के पेरिस ऑफिस पर आतंकवादी हमले के बाद अब लंदन में मस्जिदों पर आतंकी खतरा मंडरा रहा है। यहां मस्जिदों को धमकी और नफरत भरे खत मिले हैं। ब्रिटेन में इस्लाम विरोधी घृणा फैलाने वाले अपराधों का रिकॉर्ड रखने वाले संगठन ‘टेल मामा’ के अनुसार, लंदन स्थित दो प्रमुख मस्जिदों फिंसबरी पार्क और टावर हैमलेट्स को धमकी और नफरत भरे पत्र मिले हैं।
स्काई न्यूज के अनुसार फिंसबरी पार्क स्थित मस्जिद को 15 ईमेल और पत्र मिले हैं, जिनमें से कुछ पर पैगम्बर मोहम्मद के कार्टून हैं। मुस्लिमों द्वारा इस तरह के कार्टून को गैर इस्लामी माना जाता है। स्काई न्यूज ने फिंसबरी पार्क मस्जिद के महासचिव मोहम्मद कोजार के हवाले से कहा, कुछ पत्रों में हमारे समुदाय के खिलाफ मौत की धमकी भी है इसलिए यह हमारे समुदाय और हमारी मस्जिद के लिए काफी भयावह है। टेल मामा के निदेशक फियाज मुगल ने दावा किया कि पेरिस में मैगजीन और यहूदी सुपर मार्केट पर हमले के बाद से अपशब्द कहने संबंधी खबरों में लगातार बढ़ोतरी हुई है।