चंडीगढ़/अमृतसर (आरके विक्रांत शर्मा/ मोनिका शर्मा ) - धार्मिक नगरी अमृतसर के साथ लगते कस्बा अल्गों कोठी में उस वक़्त सनसनी फैल गई, जब मंदिर से माथा टेक एक घर वापस जाती नाबालिगा को इलाके के ही वाशिन्दे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्तौल की नोंक पर अगवा कर लिया !
इस पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी लड़की के भाई अजय कुमार गोरा ने दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अजय कुमार अपनी पत्नी पूजा व नाबालिगा बहन ट्विंकल (17) के साथ स्थानीय शिव मंदिर में माथा टेकने गया था। माथा टेकने के बाद जब तीनों मंदिर से बाहर आये, तो इसी इलाके के रहने वाले मुहब्बत नामक शख्स ने ट्विंकल को अगवा कर लिया।
अजय ने बताया कि आरोपियों ने उसके कनपटी पर पिस्तौल रखी और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरदस्ती उसकी बहन ट्विंकल को पास ही खड़ी इंडिका कार नंबर पीबी.38 बी 6800 में डालकर फरार हो गए। घटना की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर आ पहुंची और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर चारों और जंगल की आग की तरह फैली और लोग आक्रोश में आए और लोगों ने बाजार बंद कर दिए ! सभी ने रोष प्रदर्शन कर नाबालिगा को अगवा करने वाले सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके लड़की को उनके चुंगल से छुड़वाने की मांग की।