होशियारपुर - यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर गांव मुगोवाल में आज शाम झूठी शान की खातिर लडक़ी पक्ष वालों ने नवविवाहित दंपति की हत्या करने के बाद लडक़े के पिता पर भी जानलेवा हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक ने करीब तीन माह पहले पड़ोस में रहने वाली अपने ही समुदाय की एक लडक़ी के साथ प्रेम विवाह अदालत में किया था। वारदात करने के बाद हमलावर खून से लथपथ तलवारें तथा गंडासे हवा में लहराते हुए तथा ललकारे मारते हुए मोटरसाईकिलों पर फरार हो गए। डी.एस.पी चब्बेवाल हरदीप कुमार, थाना प्रमुख सुल्लखन सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल होशियारपुर में पीडि़त पिता प्रकाश चंद (70) ने बताया कि वह एस.सी. समुदाय से है। उसके पुत्र संदीप उर्फ सोनू (24) ने करीब 3 माह पहले अपने पड़ोस में रहने वाली अपने ही समुदाय से संबंधित खुशबू (23) के साथ अदालत में प्रेम विवाह करवाया था। उसके मुताबिक विवाह करवाने के बाद दोनों कहीं चले गए थे और कुछ दिन पहले ही वापस आए थे। पिता के अनुसार आज उनके घर के दरवाजे पर जब किसी ने दस्तक दी तो उसका बेटा व बहू दरवाजा खोलने के लिए गए।
आरोप है कि दरवाजा खुलने पर लडक़ी के पिता तथा दो भाइयों बब्बी व साबी तथा चचेरे भाई मुल्ख राज ने तेजधार हथियारों से उसके बेटे व बहु पर हमला बोल दिया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। गांव निवासियों ने बताया कि आज गांव में स्थित गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक समारोह का आयोजन था, जिसके चलते घटना के काफी समय बाद उन्हें पता चला और वे घायलों को पहले माहिलपुर लेकर गए, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल भेज दिया गया। इसी बीच थाना चब्बेवाल की पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक घटना के काफी समय बाद प्रकाश चंद को होश आया है तथा उसके बयान लिये जा रहे हैं।