अमृतसर। पंजाब में सत्तारूढ़ अकाली-भाजपा गठजोड़ के बीच लंबे समय से जारी शीतयुद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा। उधर आज अकाली पार्षदों ने भाजपा मेयर बख्शीराम के इस्तीफे की मांग कर डाली।
65 सदस्यीय निगम में अकाली दल के 34 सदस्य, भाजपा 24 और कांग्रेस के 4 पार्षद हैं। पिछले दिनों सदन की बैठक में अकाली तथा कांग्रेस के सदस्यों ने अलग-अलग मुद्दों पर वाकआउट किया था और भाजपा ने अपनी मनमर्जी के प्रस्ताव पारित कर अकाली वार्डों की अनदेखी की थी जिसको लेकर अकाली पार्षद नाराज चल रहे हैं। अकाली दल के वरिष्ठ उप महापौर अवतार सिंह ट्रकावाला ने अन्य पार्षदों की अगुआई में नगर निगम के आयुक्त प्रदीप कुमार सब्बरवाल को मांगपत्र देकर यह मांग की। उन्होंने कहा कि उनका मांगपत्र स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी को दिया जाये और जो प्रस्ताव पिछले सप्ताह पारित किये गये थे उन्हें रद्द किया जाये क्योंकि ये सभी प्रस्ताव भाजपा पार्षदों की मौजूदगी में पारित हुये थे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के पास बहुमत ही नहीं है तो ऐसे में यह असंवैधानिक है।