काबुल - अफगानिस्तान के दक्षिणी हेलमंड प्रांत में शादी के दौरान एक मकान पर रॉकेट गिरने से कम से कम 26 लोग मारे गए हैं। पुलिस प्रवक्ता फरीद अहमद उबैद ने बताया कि इस धमाके में करीब 45 लोग जख्मी भी हो गए हैं। हेलमंड में बुधवार की देर रात एक शादी समारोह चल रहा था। इसी के पास में अफगानिस्तानी सुरक्षा बलों और तालिबान के लड़ाकों के बीच गोलीबारी हो रही थी। शादी के बीच में ही रॉकेट एक मकान पर आकर गिरा।
यह पता नहीं चला है कि रॉकेट सरकारी सुरक्षा बलों की ओर से छोड़ा गया था या तालिबान लड़ाकों की ओर से। प्रांतीय परिषद के सदस्य बशीर अहमद शकीर ने कहा है कि मरने वालों की संख्या बढक़र 30 तक और घायलों की संख्या 60 तक पहुंच सकती है। दुल्हन के कजन और घर के मालिक अब्दुल हलीम ने बताया कि धमाके से पहले दुल्हन समारोह में पहुंचने वाली थी और मेहमान घर से बाहर उसका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मकान पर रॉकेट आ गिरा और सब कु तहस-नहस हो गया। इस हादसे के बाद से उनके नौ बच्चे गायब हैं।