मोहाली - पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री तथा अमृतसर से सांसद कैप्टन अमरेंद्र सिंह आज मोहाली की अदालत से विदेश जाने के लिए अनुमति लेने को मोहाली पहुंचे, जहां वे अपने वकील एच.एस. पन्नू तथा रमदीप प्रताप सिंह के जरिये एडीशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज पी.पी. सिंह की अदालत में पेश हुए। उन्होंने अपने वकीलों के जरिये अदालत से विदेश जाने की अनुमति मांगी। जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। एडवोकेट एच.एस. पन्नू ने बताया कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने 20 दिसंबर से 10 जनवरी तक दुबई जाने की परमिशन ली है। बताने योग्य है कि पंजाब विजीलेंस ब्यूरो की ओर से अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के बहु-चर्चित जमीन घोटाले के मामले में कैप्टन अमरिन्द्र सिंह को नामजद करके उनका पास्पोर्ट अदालत ने जब्त कर रखा है। इस के चलते हर बार विदेश जाने के मौके पर उन्हें अदालत से परमिशन लेनी होती है।
अदालत से परमिशन लेने के उपरांत सिंह मोहाली से कांग्रेसी विधायक बलबीर सिंह सिद्धू के आवास पर भी पहुंचे। यहां पर पत्रकारों द्वारा पूछे सवाल के जवाब में कैप्टन सिंह ने कहा कि पिछले सात वर्षों से पंजाब का खजाना खाली पड़ा है। कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा और मंत्री विदेशों की सैर कर रहे हैं। उन्होंने गुरदासपुर में सुच्चा सिंह लंगाह द्वारा पंचायत अधिकारी को गाली ग्लोच करने की निंदा भी की।