अमृतसर - यहां पुलिस मुख्यालय के बाहर आज पुलिस द्वारा बिल्कुल समय से की गयी कार्रवाई से दो महिलाओं के आत्मदाह प्रयास को विफल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं उनके पतियों के विरूद्ध शहर के वकीलों के एक संगठन द्वारा आत्महत्या के प्रयास के तहत दर्ज करायी गयी प्राथमिकी को खारिज करने की मांग कर रही थीं।
आयुक्त कार्यालय के बाहर पहुंचने के बाद दोनों ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डाल लिया। वहां खड़े यातायात पुलिस के कांस्टेबल तुरंत हरकत में आए और उन्होंने उन्हें पकड़ लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिलाओं को बताया कि पुलिस ने अपनी जांच रिपोर्ट में उनके पतियों को पाक-साफ बताया है और यह रिपोर्ट उनके पतियों के खिलाफ प्राथमिकी रद्द करने के लिए अदालत में पेश की जाएगी।