होशियारपुर - गत देर रात गांव कोठेजट्टां में लडक़ी के विवाह की निकाली जा रही जागो में किसी बात को लकर हुई कहा-सुनी ने उस समय खूनी रंग ले लिया, जब समारोह में शामिल कुछ लोगों ने गोली चला दी, जिस कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शिकायत मिलने पर थाना हरियाना की पुलिस ने करीब दो दर्जन व्यक्तियों खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक पुलिस के पास दर्ज करवाई शिकायत में जगीर सिंह ने बताया कि गांव के निवासी जसविंदर सिंह की लडक़ी के विवाह के लिए रात करीब साढ़े नौ बजे जागो के समागम के दौरान डी.जे चल रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह अपने पुत्र मनिन्दर सिंह(21) के साथ वहां गया हुआ था। उसके अनुसार जागो के बाद डी.जे पार्टी के दौरान कुछ लोग हुल्लड़बाजी और पिस्तौलों, रिवालवरों तथा 12 बोर की राईफलों से हवाई फायर करने लगे। तभी एक गोली मनिन्दर सिंह के लग गई। उसे अस्पताल लेकर गए तो डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।