लुधियाना - आयकर विभाग के विशेष दस्तों ने आज लुधियाना के प्रमुख औद्योगिक घराने ‘जीएस आटो लिमिटेड’ से संबंधित एक दर्जन स्थानों पर एक साथ छापा मारा। आयकर विभाग के इनवेस्टीगेशन विंग के निर्देशक एचएस सोही , जिनकी देखरेख में छापा अभियान चला , ने बताया कि इस औद्योगिक घराने के कारखानों, कार्यालयों और आवास के अतिरिक्त उन द्वारा शहर में चलाये जा रहे एक बड़े स्कूल की हिसाब-किताब की पुस्तकों की जांच की जा रही है।
आयकर विभाग के एक सौ से अधिक अधिकारी व कर्मी जांच में जुटे हुए हैं। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छापा मारने वाले दस्तों को भारी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। जिनके आधार पर करोड़ों रुपये की आयकर की चोरी का भंडाफोड़ होने की उम्मीद है। कुछ ऐसे बैंक लॉकरों का भी पता चला है जिनका घराने द्वारा विभाग को दी गई रिर्टनों में उल्लेख नहीं किया गया।