फरीदकोट - पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील जाखड़ ने जिला कांग्रेस की ओर से दिए गए धरने को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में गरीब मजदूरों को मनरेगा के तहत अदायगी के लिए केंद्र सरकार की ओर से मार्च महीने में भेजे गए 155 करोड़ रूपए में से 60 करोड़ मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल हैलीकॉप्टर की सैर और संगत दर्शन में खर्च कर चुके हैं जिस कारण आज काम करने के बाद भी अदायगी न होने से मजदूरों के चूल्हे ठंडे पड़े हैं।
उन्होंने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के गरीब मजदूरों को मनरेगा अदायगी के लिए केंद्र सरकार ने मार्च 14 में ही राशि भेज दी थी लेकिन बादल सरकार ने इन पैसों को दूसरे कामों पर खर्च कर दिया और मजदूरों को उनकी मजदूरी अदा नहीं की गई। उन्होंने बताया कि इस समय पंजाब में कोटकपूरा ब्लाक ही एक ऐसा ब्लाक है जिसके 18 हजार कार्ड होल्डरों के सवा 5 करोड़ रूपए सरकार की ओर से बकाया हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली और भाजपाई मिलकर लोगों को लूट रहे हैं।
अकालियों के साथ ही रेत में कई भाजपा नेताओं और विधायकों की बराबर की हिस्सेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अब चेतावनियां देने का समय नहीं बल्कि आगे आकर एक्शन करने का समय है। उन्होंने बताया कि बादल सरकार ने श्री गुरू ग्रंथ साहिब की हाजिरी में पंजाब के किसानों को आबियाना न लगाने का ऐलान करने के 7 साल बाद फिर वाटर टैक्स के नाम पर आबियाना लगा दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से पंजाब के सीवरेज संबंधी 1400 करोड़ रूपए के प्रोजैक्ट को रद्द करने की निंदा करते हुए इस प्रोजैक्ट के तहत फरीदकोट के कम्मेआना गेट नजदीक रखे नींव पत्थर की पूजा की।