कराची - पाकिस्तान ने भारत के कम से कम 61 मछुआरों को जलसीमा का कथित तौर पर उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पाकिस्तान ने मछुआरों को 11 नौकाएं भी जब्त कर ली हैं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए मछुआरों को कराची स्थित डॉक्स पुलिस चौकी में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे सभी पाकिस्तान की जलसीमा के भीतर मछली पकड़ रहे थे और उन्हें अदालत में पेश किया गया। सभी गिरफ्तार मछुआरों पर विदेशी कानून एवं मत्स्य कानून के तहत आरोप लगाए गए हैं।
दोनों देशों के मछुआरे जब भी गलती से पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध एवं गुजरात के बीच की अचिन्हित जलसीमा में प्रवेश करते हैं, तो दोनों देश एक-दूसरे के मछुआरों को अक्सर गिरफ्तार करते रहते हैं। ये मछुआरे अक्सर कई-कई साल सलाखों के पीछे गुजारते हैं। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए, जिस समय पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ नई दिल्ली आए थे, तब 150 से ज्यादा भारतीय मछुआरों को उनकी नौकाओं के साथ मुक्त कर दिया गया था। उस अवसर पर पाकिस्तान ने कहा था कि उन सभी मछुआरों को मुक्त कर दिया गया है, जिनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि भारत ने की है। अभी भी दर्जनों मछुआरे पाकिस्तान में हैं।