लंदन - इन दिनों अंतरिक्ष एजेंसियां एक ऐसे रहस्यमयी रूसी सैटलाइट पर नजर रख रही हैं, जिसने अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ का खतरा पैदा कर दिया है। विभिन्न देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां और शौकिया सैटेलाइट वॉचर इन दिनों ऑब्जेक्ट 2014-28 ई नाम के इस सैटलाइट में रूचि ले रहे हैं। इसकी वजह यह है कि यह सैटेलाइट अंतरिक्ष में बेहद भ्रामक तरीके से गति कर रहा है। अभी तक इसके मकसदों का पता नहीं चल पाया है। रूस ने इसे कॉस्मॉस 2499, जबकि अमरीकी नोराड ने 39765 नाम दिया है।
कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि यह अंतरिक्ष में फैले कचरे को जमा करने या फिर किसी अन्य सैटेलाइट को फ्यूल देने या रिपेयर करने के लिए इसे भेजा गया होगा। लेकिन कई यह भी मानते हैं कि यह दुश्मन देशों के सैटेलाइटों को खत्म करने के लिए भेजा गया है। हो सकता है कि यह नागरिक या सैन्य इस्तेमाल के लिए भेजा गया हो। यह भी संभव है कि इसे अन्य सैटेलाइटों को जाम करने या उन्हें तबाह करने के लिए इस्तेमाल किया जाना हो ।
रूस ने अपना नैविगेशन सिस्टम बनाने के लिए इसी साल मई में तीन सैटेलाइट लांच किए थे, लेकिन इस संदिग्ध चीज के बारे में कुछ नहीं बताया गया था। शुरूआत में इसे कचरा माना गया, लेकिन जब ये उपग्रह के समान एक निश्चित परिधि में चक्कर लगाने लगा तो अमरीका ने इसे सैटेलाइट की श्रेणी में डाल दिया। पिछले तक ये सैटेलाइट एक और ऑब्जेक्ट के करीब आ गया है। आशंका है ये इसका निशाना हो सकता है।