वाशिंगटन - व्हाइट हाउस के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसकी कार से एक बंदूक भी बरामद हुई है। एक समाचारपत्र में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एड डोनोवेन ने कहा कि दक्षिणी-पूर्वी आयोवा के डेवेनपोर्ट शहर निवासी रेडियो जॉकी रेने कफेम (41) को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षाकर्मियों ने कफेम को जांच नाके पर रोक कर उससे पूछताछ की थी। पूछताछ में उसने बताया कि डेवेनपोर्ट में किसी ने उसे व्हाइड हाउस आने के लिए कहा था, इसलिए वह वाशिंगटन आया है।
सुरक्षाकर्मियों ने जब उसके करीब खड़ी एक कार की तलाशी ली, तो उससे एक राइफल और 40 से ज्यादा गोला-बारूद बरामद हुए। कफेम को गैर लाइसेंसी राइफल रखने के मामले में हिरासत में ले लिया गया है। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एक घुसपैठिया भी व्हाइट हाउस में घुस आया था।