सुवा - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फिजी की संसद को संबोधित करते हुए मेजबान राष्ट्र को सफल चुनावों के लिए बधाई दी। मोदी ने कहा कि लोकतंत्र ही हम दोनों देशों को आपस में जोड़ता है। भारत ने फिजी के लिए वीजा ऑन अराइवल, छात्रों को डबल स्कॉलरशिप और देश को 5 मिलियन डॉलर की मदद देने की घोषणा की। मोदी ने कहा कि भारत के लिए फिजी का हमेशा विशेष स्थान रहेगा। हमें भारत और फिजी के बीच आवागमन आसान बनाना चाहिए।
फिजी के लोगों को आते ही वीजा यानि वीजा ऑन अराइवल की सुविधा मिलेगी। मोदी ने कहा कि हम दोनों ही देशों की संसद में महिला स्पीकर हैं। फिजी को भारत से बेहतर बताते हुए मोदी ने कहा कि यहां संसद के हर सात सदस्यों में एक महिला है जबकि भारत में हर 9 सदस्यों में एक महिला सांसद हैं। विंड और सोलर एनर्जी के क्षेत्र में मोदी ने भविष्य में फिजी के साथ काम करने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। मोदी ने क्लाइमेट चेंज के मसले पर भी काम करने पर जोर दिया। डिजिटल फिजी बनाने का आह्वान करते हुए मोदी ने कहा कि हम इस दिशा में काम करने के लिए तैयार हैं।
तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को फिजी पहुंचे थे। पिछले 33 सालों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली फिजी यात्रा है। इससे पहले 1981 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने फिजी की यात्रा की थी।