संगरूर - पंजाब के संगरूर जिले में मौड़ां गांव के समीप आज दो गाडय़िों में आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के 7 सदस्यों सहित 8 लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि इनोवा में सवार मालेरकोटला के नंदलाल अपने परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। लुधियाना-दिल्ली रोड पर गांव मौड़ा के पास उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। इसमें नंदलाल, उनकी पत्नी, दो बहनों व उनके पतियों, भांजे और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गयी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा टैंपो इनोवा गाड़ी को कई मीटर तक घसीटता ले गया। इनोवा से शवों को मुश्किल से बाहर निकालकर संगरूर व सुनाम के अस्पताल में पहुंचाया गया। इस बीच टैंपो का ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस घटना में मरने वालों में नंदलाल, कृष्णा देवी, अमरचंद, प्रेम कुमार, कांता रानी, मंजू रानी, सोनी और कश्मीर सिंह शामिल हैं।