टोरंटो - भारतीय मूल की एक महिला वकील अपने कस्टमर के गिरवी रखे 3.5 मिलियन डॉलर यानी 18.8 करोड़ रुपए लेकर चंपत हो गई। अंग्रेजी वेबसाइट द स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा के मिसिसौगा की रहने वाली रीता ग्रेवाल जुलाई से ही लापता हैं। उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
लॉ सोसाइटी के मुताबिक, ग्रेवाल ने करोड़ों रुपए का गलत इस्तेमाल किया है। वह अपने क्लाइंट को कानूनी सेवाएं देने में भी नाकाम रही हैं। लॉ सोसाइटी ने कहा, ग्रेवाल कानून कमेटी की जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। गौरतलब है कि किसी तरह की गलतफहमी न हो, इसलिए तीन अक्टूबर को ग्रेवाल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था। इसके अलावा उन पर 6.15 लाख रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। कानून कमेटी का कहना है कि ग्रेवाल के क्रेडिट कार्ड की गतिविधि से पता चलता है कि वह भारत में हैं। कमेटी के प्रवक्ता रॉय थॉमस ने बताया कि कमेटी के पास ग्रेवाल को अपराधी घोषित करने का अधिकार नहीं है। फिलहाल, कमेटी ने मामले को पुलिस को सौंप दिया है।