पटियाला - पटियाला पुलिस ने 75 बोरी (25 क्विंटल) भुक्की सहित 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान रवि कुमार निवासी करतारपुर जिला जालंधर, लवजीत सिंह उर्फ साबी और परमजीत सिंह उर्फ पम्मी निवासी सेलकीआणा जिला जालंधर की गई हैं। ये व्यक्ति भुक्की को 10 टायरों वाले ट्राले में पश्चिम बंगाल से धान के छिलके में छुपा कर ला रहे थे। एस.एस.पी. मान ने बताया कि डी.एस.पी. राजपुरा राजिन्द्र सिंह की निगरानी में थाना बनूड़ के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर दविन्द्र सिंह अत्री की अगुवाई में पुलिस एस.वाई.एल. नहर चंडीगढ़-राजपुरा रोड के नजदीक चितकारा यूनिवर्सिटी के पास चैकिंग के लिए मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राजपुरा से बनूड़ साई को एक 10 टायरों वाला ट्राला आ रहा है, जिसमें आरोपी ट्रक में धान के छिलके में भुक्की छुपा कर ला रहे हैं। सूचना के आधार पर ट्रक को रोका गया तो उसमें से क्लीनर साइड से एक व्यक्ति उतर कर फरार हो गया और अन्य रवि कुमार, लवजीत और परमजीत को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एस.एस.पी. ने बताया कि फरार व्यक्ति की पहचान सुरजीत सिंह के तौर पर हुई है। चारों के खिलाफ थाना बनूड़ में केस दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि ट्रक के मालिक रवि कुमार और सुरजीत सिंह है, जोकि भुक्की सप्लाई करने का धंधा करते आ रहे हैं और उनके खिलाफ पहले भी जिला जालंधर में भुक्की सप्लाई का मुकद्दमा दर्ज है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि यह भुक्की पश्चिम बंगाल से 1000 रुपए किलो के हिसाब से खरीद कर लाए थे और आगे कहां सप्लाई करनी थी, बारे पूछताछ की जा रही है।