गुरदासपुर - गत रात्रि करीब 7.30 बजे अठवाल नहर के निकट 3 लुटेरों ने पिस्तौल की नोक पर व फायरिंग कर पैट्रोल पम्प के कर्मचारी से 50,000 रुपए लूट लिए। जानकारी के अनुसार अठवाल समीप पैट्रोल पम्प पर 3 लुटेरे मोटरसाइकिल में तेल डलवाने आए और तेल डलवाने के उपरांत कर्मचारी राकेश कुमार ने उनसे पैसे मांगे तो लुटेरों ने कर्मचारी का मुंह दबाकर पिस्तौल से फायरिंग करनी शुरू कर दी। पम्प पर बैठा दलेर सिंह बचाव के लिए आगे आया तो उसे टांग पर गोली लग गई।
इस दौरान उक्त लुटेरे 50,000 रुपए लूट कर फरार हो गए। पम्प के दूसरे कर्मचारी ने दलेर सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी बोहजा को बटाला स्थित सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं मंडी गोबिंदगढ़ में गत रात्रि मोटरसाइकिल सवार 2 लुटेरे एक पैट्रोल पंप के कारिंदे सुखविन्द्र सिंह को गोली मारकर 37,750 रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए।