तरनतारन - बारातियों को लेकर जा रही एक बस के पलट जाने और नाले में गिर जाने के कारण 6 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गये। कल देर रात हुई इस दुर्घटना का कारण कथित तौर पर नशे की हालत में बस चला रहे चालक के वाहन से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है।
तरनतारन के एसएसपी मनमोहन शर्मा ने बताया कि यह हादसा मियांपुर गांव में हुआ। यह बस सीमावर्ती गांव पट्टी में शादी समारोह में भाग लेने के बाद बारातियों को लेकर वापस जम्मू की ओर लौट रही थी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बस के चालक ने शराब पी रखी थी और वह तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। रविवार रात एक मोड़ पर उसने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया जिसके कारण बस पलट गयी और वह एक नाले में जा गिरी। शर्मा ने बताया कि सभी घायलों को पड़ोस के अमृतसर में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है।आज सुबह दो घायलों को छुट्टी दे दी गयी।