इस्लामाबाद - पिछले माह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ द्वारा संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर का राग अलापने पर मुंह की खाने, इसके बाद प्रधानमंत्री के विदेश मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज की संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप करने की मांग को नकारे जाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। अब पाकिस्तान ने नया पैंतरा चलते हुए कहा है कि उनका देश भारत को उसके तरीके से कश्मीर मुद्दा हल नहीं करने देगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि उनका देश भारत को उसके तरीके से कश्मीर मुद्दा हल नहीं करने देगा।
अजीज ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, भारत कश्मीर विवाद का हल अपने तरीके से चाहता है और पाकिस्तान भारत की इस कोशिश को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की शांति की इच्छा को उसकी कमजोरी समझने की भूल नहीं करना चाहिए। अजीज ने कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर मुद्दा लगातार उठाता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत नियंत्रण रेखा पर शांति का उल्लंघन कर रहा है और पाकिस्तान उसका सिर्फ जवाब दे रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर पर संयुक्त राष्ट्र के संकल्प अभी भी प्रासंगिक हैं और द्विपक्षीय समझौते उनकी जगह नहीं ले सकते।