भटिंडा - भटिंडा की बेटी रमन सरां ने पुरे पंजाब में अपनी प्रतिभा और जज्बे के बल पर सेना में कैप्टन का गौरवमय पद हासिल किया है। सेना में जज एडवोकेट जनरल (जैग) एंट्री के जरिए देशभर में से महज 4 लड़कियों का चयन हुआ है जिनमें से एक नाम रमन सरां पुत्री हवलदार भूपिंद्र सिंह का भी है। सेना के सिलैक्शन सैंटर ‘सैंट्रल भोपाल’ से चयनित रमन 4 अक्तूबर को ऑफिसर्ज ट्रेनिंग एकैडमी चेन्नई ज्वाइन करेगी।
पंजाब पुलिस में बतौर हवलदार तैनात पिता भूपिंद्र सिंह सरां व माता परमजीत कौर सरां ने बताया कि रमन शुरू से ही देश व देशवासियों की सेवा करने की इच्छा रखती थी। रमन का कहना है कि वह गरीब बच्चों के लिए नि:शुल्क स्कूल खोलना चाहती है और संतान के ठुकराए बूढ़े मां-बाप के लिए वृद्धाश्रम खोलकर उन्हें परिवार जैसी सुख-सुविधा देने की इच्छुक है।