लाहौर - पाकिस्तान के पूर्वी शहर लाहौर की एक घनी बस्ती वाले इलाके में एक मस्जिद की छत ढहने जाने से मरने वालों की संख्या बुधवार को 24 हो गई। मंगलवार को दरोगावाला इलाके में दो मंजिला जामिया मस्जिद हनफिया ढह गई थी। यह घटना उस वक्त घटी, जब मस्जिद के भीतर 50 से अधिक लोग दोपहर की नमाज अदा कर रहे थे। बचाव दल के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को मलबे से 10 लोगों को निकाला गया था। इसके साथ ही 24 नमाजियों की मौत की पुष्टि हो गई है। बचाव अभियान लगभग पूरा कर लिया है, लेकिन आशंका है कि मलबे में कुछ और शव दबे हो सकते हैं।
इस घटना में घायल हुए 21 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जिसमें 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने मारे गए परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है।