अमेरिका - अमेरिकी राष्ट्रपति बाराक ओबामा ने एक और भारतवंशी को अहम प्रशासनिक पद पर नियुक्त किया है। मनीष के गोयल को अहम प्रशासनिक पद जे. विलियम फुलब्राइट फॉरन स्कॉलरशिप बोर्ड के सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया है। ओबामा ने मंगलवार को ही इस महत्वपूर्ण पद पर मनीष गोयल समेत अन्य नियुक्तियों की घोषणा की।
ओबामा ने कहा कि इन पुरुषों और महिलाओं ने करियर में बेहतरीन ज्ञान और समर्पण का परिचय दिया है। मैं शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने इन महत्वपूर्ण भूमिकाओं को स्वीकार किया है। गौरतलब है कि जे विलियम फुलब्राइट फॉरन स्कॉलरशिप बोर्ड में 12 सदस्य हैं। यह बोर्ड विदेश विभाग के छात्रवृत्ति कार्यक्रम का प्रबंधन करता है। गोयल इवेंट मार्केटिंग एजेंसी एमकेजी के संस्थापक और अध्यक्ष हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने 2001 में थी। 2013 में उन्होंने कार्यस्थल की संस्कृति पर केंद्रित एक सलाहकार संस्था वे लाइव इन द ग्रे की सह स्थापना की। उन्होंने अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के लिए अमेरिका की सलाहकार परिषद में भी अपनी सेवाएं दीं।