वॉशिंगटन - अमेरिकी व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा 29-30 सितंबर को व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करने को उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा कि ओबामा दोनों देशों के नागरिकों और दुनिया के फायदे के लिए भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के वादे को पूरा करने के मकसद से मोदी के साथ काम करने को आशावान हैं। अर्नेस्ट ने कहा, ‘दोनों नेता अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने और इसे प्रगाढ़ बनाने के क्रम में परस्पर हितों के व्यापक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘वे आर्थिक विकास को गति देने, सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने तथा दोनों देशों और दुनिया के दीर्घकालीन फायदों से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग के उपायों पर चर्चा करेंगे।’
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा, ‘वे अफगानिस्तान, सीरिया एवं इराक में मौजूदा घटनाक्रमों सहित क्षेत्रीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेंगे जहां भारत और अमेरिका सकारात्मक नतीजे की दिशा में साझेदारों के साथ मिलकर काम कर सकते हैं।’ प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह पहला अमेरिका दौरा होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा आगामी 29-30 सितंबर को व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे जिसमें दोनों नेता आर्थिक विकास सहित विभिन्न द्विपक्षीय और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।