फिरोजपुर - रेल प्रशासन ने बारिश और बाढ़ के चलते जम्मूतवी-कटरा रेल सेक्शन और श्रीनगर में सभी ट्रेनें रद कर दी हैं। इसके अलावा पठानकोट से जोगिंदर नगर के बीच सात ट्रेनें चलती थी जिसमें से अब पांच ट्रेनें बंद कर दी गई हैं।
रेल डिवीजन फिरोजपुर के एडीआरएम महाबीर सिंह ने बताया कि श्रीनगर में 14 सिंतबर तक और जम्मू-कटरा के बीच दस सितंबर तक ट्रेनों की आवाजाही बंद है। ट्रैक सुधरने के बाद ट्रेनों की आवाजाही शुरू की जाएगी। सिंह ने कहा कि श्रीनगर में बाढ़ के कारण सभी ट्रेनें बंद हैं।
जानकारी के अनुसार बारिश और बाढ़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने ट्रेनों की आवाजाही बंद की हुई है। पठानकोट और जोगिंदर नगर तक ट्रेन नहीं चल रही। अधिकारियों का कहना है कि पठानकोट से ज्वालामुखी और जोगिंदर नगर से कांगड़ा तक ट्रेन चल रही है।
पठानकोट और जोगिंदर नगर के बीच रोजाना सात ट्रेनें अप-डाऊन थी जिसमें से अब दो ट्रेनें चल रही हैं। वह भी वहीं तक जहां तक ट्रैक सही है। सुबह सात बजे और दोपहर बारह बजे की ट्रेन चल रही है।