बरनाला - बरनाला में गुरु गोबिंद सिंह कालेज संघेडा में कालेज की प्रधानगी हथियाने को लेकर आज कालेज में बंटे दोनों गुटों ने फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन किसी के गोली लगी नहीं। पुलिस ने दोनों गुटों के 25 विद्यार्थियों पर इरादा-ए-कत्ल और असलहा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी धर पकड़ शुरू कर दी है। पुलिस चौकी प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि कालेज की प्रधानगी हथियाने को लेकर विद्यार्थी गुटों में से बिट्टू गुट की तरफ से जगसीर सिंह की प्रधानगी के लिए मदद की जा रही थी।
बूटा ग्रुप की और से परमिंदर सिंह को प्रधान बनाने के लिए उसकी मदद की जा रही थी। दोनों के समर्थक अपने उम्मीदवार के कालेज में पोस्टर लगा रहे थे। प्रचार करते हुए बिट्टू ग्रुप के साथी दो स्कार्पियो में कॉलेज पहुंचे वहीं बूटा ग्रुप के साथी आई ट्वेंटी और ऑल्टो गाड़ी से आए। दोनों का कालेज में आमना-सामना हो गया और एक दूसरे से बढ़चढक़र अपने-अपने उम्मीदवार के पोस्टर लगाने लगे।
वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया तो दोनों गुट आपस में भिड़ गए। उन्होंने पोस्टर लगाने से मना करने वाले सुरक्षा गार्ड पर गोलियां चला दीं। सुरक्षा गार्ड ने भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनो गुटों को खदेड़ दिया। पुलिस चौकी के इंचार्ज मनजीत सिंह ने बताया कि 25 विद्यार्थियों के खिलाफ सुरक्षा गार्ड गुरमेल सिंह के बयानों पर मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।