वाशिंगटन - इस्लामिक आतंकियों ने लीबिया में 11 कमर्शियल प्लेन चुरा लिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आतंकी, इन विमानों के जरिए 9/11 जैसा हमला कर सकते हैं। अमरीकी खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, ये विमान लीबिया के त्रिपोली एयरपोर्ट से गायब हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि लीबियाई डॉन विद्रोहियों के हमले के दौरान इन्हें चुराया गया है। वाशिंगटन फ्री बीकन के अनुसार, अमरीकी खुफिया अधिकारियों को 9/11 हमले की 13वीं बरसी पर ऐसा ही हमला किए जाने की सूचना मिली है।
खुफिया रिपोर्ट्स के अनुसार लीबिया में इस्लामिक आतंकियों द्वारा चुराए गए इन विमानों का इस्तेमाल आतंक फैलाने में किया जा सकता है। खुफिया विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लीबिया से कई कमर्शियल प्लेन लापता हैं। 11 सितंबर की घटना के बाद से हमें मालूम है कि हाईजैक किए गए विमानों से क्या किया जा सकता है। मोरक्को स्थित मिलिट्री एक्सपर्ट अब्दर्रहमान मेक्कोई ने बताया कि लापता विमानों को ‘मास्क्ड मैन ब्रिगेड’ ने चुराया है।