होशियारपुर - होशियारपुर के मोहल्ला रहीमपुर में प्रेम विवाह करवाने के लिए भागे लडक़ा-लडक़ी के मामले में दोनों परिवारों में विवाह करवाने की सहमति के उपरांत विवाह के दौरान उस समय खूब हंगामा हुआ जब शादी के लिए लडक़ा तय स्थान पर नहीं पहुंचा। इससे महौल तनावपूर्ण हो गया।
लडक़ी के पिता ने बताया कि मोहल्ले का ही निवासी एक लडक़ा उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला फुसला कर ले गया था। मगर इलाके के गणमान्य लोगों ने मध्यस्थता करते हुए दोनों पक्षों में शादी का समझौता करवा दिया। मगर आज शादी का दिन था तो लडक़ा तय स्थान पर नहीं पहुंचा जबकि वह मोहल्ले में ही था। इस पर जब वे लडक़े वालों के घर पहुंचे तो लडक़े की मां उनसे झगड़ा करने लग गई और उन्होंने लडक़े को भेजने से इंकार कर दिया। इस पर उन्होंने इसकी सूचना मोहल्ले के पूर्व पार्षद बलविंदर बिंदी को दी, जिन्होंने लडक़े सुखविंदर को बुलाकर शादी के लिए राजी किया।
गौरतलब है कि इससे पहले लडक़ी के पिता व मोहल्ला वासियों ने बताया कि 23 जून को लडक़ी घर से अचानक कहीं चली गई थी। पड़ताल करने पर पाया गया कि लडक़ी को मोहल्ले का ही एक युवक सुखविंदर शादी का झांसा देकर कहीं ले गया था। उन्होंने तुरंत माडल टाउन थाना में शिकायत दे दी। पुलिस ने 25 अगस्त को लडक़े व लडक़ी को जालंधर से बरामद कर लिया। उसके बाद पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने में बुलाया व दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था।
राजीनामे के दौरान यह भी तय हुआ था कि 27 अगस्त को दोनों की शादी कर दी जाएगी। बुधवार सुबह लडक़ी वाले मोहल्ले के गुरुद्वारा में पहुंच गए। शादी का समय 10 बजे का था व लडक़े का घर भी इस धार्मिक स्थल से कुछ ही दूरी पर था। परंतु लडक़ा व उसका परिवार दोपहर तक नहीं पहुंचे। जब ढाई बजे तक लडक़े वाले नहीं पहुंचे तो मोहल्ले के लोग लडक़े के घर पहुंच गए और काफी देर तक हंगामा किया। फिर लडक़ी वालों ने मोहल्ले के पूर्व एम.सी. को इसकी सूचना दी। इसके बाद पूर्व एम.सी. बिंदी व मोहल्ले के कुछ गणमान्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सुखविंदर को घर से बुलाया व लडक़ी की शादी करवाई।
जब इस संबंध में लडक़े के माता-पिता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें अचानक कोर्ट में कोई काम पड़ गया था इसलिए वे शादी के लिए देरी से पहुंचे।