लुधियाना : नगर में हाईप्रोफाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गुड्डू लुटेरा गिरोह के 7 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिससे कई वारदातों को सुलझाने का पुलिस ने दावा भी किया है। पुलिस को लूटेरों से 6 लाख रुपए के नगदी के अलावा हथियार, नशीला पाऊडर, दो पहिया वाहन भी बरामद हुए हैं। इस गिरोह के तार यू. पी. के एक बड़े गिरोह से जुड़े हैं। उसी यू.पी. के गिरोह के सरगना की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने लूट की 5 बड़ी वारदातों को हल कर लिया है।
पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्रर प्रमोद बान ने बताया कि आरोपियों की पहचान अजीत नगर हैबोवाल के मुकेश कुमार यादव उर्फ गुड्डू, राजन एस्टेट हैबोवाल के वरिंदर सिंह उर्फ मन्नी, संत विहार हैबोवाल के रोमिश कुमार उर्फ रोमी, प्रभु कालोनी जस्सियां रोड के हरदीप सिंह उर्फ दीपू, न्यू संत नगर हैबोवाल के तरुण कुमार उर्फ टैंशन, राजन एस्टेट चूहड़पुर रोड के विशाल सिंह व अटवाल नगर चूहड़पुर रोड के रविंद्रपाल सिंह उर्फ रवि के रूप में हुई है, जबकि फरार गिरोह के सरगना यू.पी. के दलीप कुमार की तलाश की जा रही है। । तकरीबन सभी लूटेरे नशे के आदी हैं।
इन सभी आरोपियों को पुलिस टीम की नाकाबंदी के दौरान काबू किया गया था। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना मिली कि 7 युवक बाड़ेवाल श्मशानघाट के पास पैट्रोल पंप लूटने की योजना बना रहे है। उसके बाद पुलिस टीमों ने वहां दबिश देते हुए सभी 7 आरोपियों को हथियारों सहित काबू कर लिया। इसके बाद थाना पी.ए.यू. में मामला दर्ज कर जब पूछताछ की गई तो कई खुलासे हुए। पुलिस को इनसे हथियार व लूटी गई नकदी बरामद हो गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने सभी को एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।