लुधियाना - जगराओं में मंगलवार सुबह हुई लूटपाट की दो घटनाओं ने पुलिस के सुरक्षा प्रबंधों की एक बार फिर पोल खोलकर रख दी। सुबह तकरीबन एक ही तरीके से लुटेरों ने दो स्थानों पर घटनाओं को अंजाम देते हुए फोटोग्राफरों को रिवाल्वर के बल पर लूट लिया।
नगर कौंसिल कार्यालय के बाहर कमल स्टूडियो के मालिक अशोक मोदगिल ने बताया कि सोमवार को एक व्यक्ति उनके स्टूडियो पर आया। उसने कहा कि वह बीडीपीओ कार्यालय से है और क्षेत्र के गावों में वीडियोग्राफी करवानी है। उसने कैमरा कुछ दिन के लिए बुक करवा दिया। सुबह उसने फोन करके पूछा कि कैमरा तैयार है तो वह आ रहा है। कुछ ही समय में वह अपना स्कूटर लेकर स्टूडियो पहुंचा और वहां से उनके कैमरामैन दलीप को साथ लेकर चला गया। कोठे खंजूरां में पहुंचने पर वह एक निजी स्कूल को जाते रास्ते की ओर चला गया। वहां सुनसान स्थान देखकर स्कूटर रोक लिया और कहने लगा कि यहां पर कुछ साथियों ने पहुंचना है, थोड़ी देर इंतजार कर लें। कुछ समय वहां पर टहलने के बाद उसने अपना रिवाल्वर निकाला और दलीप की कनपटी पर लगाकर उससे कैमरे वाली किट्ट व मोबाइल लूट लिए।
दूसरी घटना सरां के नजदीक उपासना स्टूडियो वाले के साथ हुई। वहां भी सुबह एक व्यक्ति ने सरकारी कार्य के लिए वीडियोग्राफी के लिए तीन हजार रुपये प्रति दिन के लिए कैमरा बुक करवाया था। सुबह वह अपने स्कूटर पर बिठाकर दुकान से दर्शन कुमार को कैमरे सहित गया। कोठे आठ के नजदीक उसने रिवाल्वर के बल पर दर्शन लाल से कैमरा व उसका मोबाइल लूटा और फरार हो गया। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही डीएसपी सुरिंदर कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।