होशियारपुर - जालंधर मार्ग पर शनिवार मानव रहित फाटक पर एक कार के ट्रेन से टक्कर हो जाने से कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि हादसे के दौरान वहां से पैदल गुजर रही एक महिला की मौत हो गई। कार जब ट्रेन की चपेट में आई तो टक्कर से कार पलटती हुई करीब 70 फुट दूर जा गिरी। इसी दौरान वहां से पैदल गुजर रही महिला कार के नीचे आ गई। रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। घायल अवस्था में कार चालक को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डीएमसी लुधियाना रैफर कर दिया गया।
घायल की पहचान अशोक कुमार पुत्र जगत राम निवासी बस्सी कलां चब्बेवाल तथा मृतक महिला की पहचान लखविंदर कौर पत्नी अश्विनी कुमार निवासी बस्सी कलां चब्बेवाल के रूप में हुई। अशोक कुमार कार में करांगणां की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मानव रहित फाटक के समीप पहुंचा तो जालंधर की तरफ से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर लगने के बाद कार पलटती हुई करीब 70 फुट दूर जा गिरी। इस दौरान पटरी के साथ-साथ चल रही महिला कार की चपेट में आ गई। महिला के शव को वारिसों को सौंप कर पुलिस ने अगली कार्यवाही शुरू कर दी है।