अमेरिका ने इराक में आईएसआईएस उग्रवादियों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में हवाई हमला शुरू कर दिया है। उसने उग्रवादियों के ठिकानों पर लगभग 250 किलो बम बरसाये। इरबिल में ही अमेरिकी राजनयिक ठहरे हैं।
इससे पहले बृहस्पतिवार को सेक्योरिटी काउंसिल की बैठक में ओबामा ने इराक के कई इलाकों पर कब्जा जमाएं आतंकवादी संगठन आईएसआईएस पर हवाई हमलों की इजाजत दे दी थी। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने हमलों की पुष्टि कर सूचना दी कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने आईएसआईएस नियंत्रित इलाकों में बम गिराये हैं। इरबिल में कुर्द लड़ाकों के खिलाफ इस्तेमाल किए जा रहे आईएसआईएस ठिकानों और हथियारों को निशाना बनाया गया है। राष्ट्रपति ओबामा साफ कर चुके हैं, आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा रहे और हिंसा फैला रहे इन आतंकियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनका खात्मा किया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस से दिए टेलिविजन स्टेटमेंट में कहा कि इस्लामिक आतंकियों को डराने और उनके आतंक के खात्मे के लिए हमला शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि आतंकियों के खिलाफ अमेरिका और इराक की सेना ने मिलकर ज्वाइंट ऑपरेशन शुरू किया है।