नवांशहर - साढ़े तीन लाख रुपए में जाली वीजा देने के आरोप में ट्रैवल कंपनी के मालिक सहित बाप - बेटे पर थाना सिटी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक बेगमपुर के अमरजीत सिंह ने एसएसपी को दर्ज शिकायत में बताया है कि अशोक बिहार सलेमपुर रोड जालंधर के रहने वाले मंगा और उसके पिता गुरमीत लाल ने उसके एक रिश्तेदार को कुछ समय पहले विदेश भेजा था। जिसके चलते उक्त बाप-बेटे से उसकी जान पहचान थी। बाप-बेटा ने उसने कुवैत जाने के संबंध में बात की।
कुवैत भेजने के लिए साढ़े 3 लाख रुपए में बात तय की। जिसके चलते सितंबर 2013 में वे उनके घर आए थे और उसने उन्हें 50 हजार रुपए दिए थे। जबकि बाकी रुपए उसके अकाउंट नंबर पर भेजने के लिए कहा था। उसने 3 लाख रुपए उस अकाउंट में जमा करवा दिए। पूरे पैसे जमा होने के बाद बाप-बेटा ने उसे एक कागज जिस पर वीजा लगा होने संबंधी बताया था। जिसे उसने अपने जानकारों को दिखाया जिन्हें वीजा के बारे में जानकारी थी तो उसे हैरानी हुई कि जो कागज उसे दिया गया है वह जाली वीजा था।
उसने इस संबंध में मंगा उसके पिता गुरमीत के साथ बात की तो वे उसने पैसे वापिस देने की बात की। इस संबंध में एक दो बार उनका समझौता भी हुआ, मगर इसके बावजूद उन्होंने उसकी पैसे वापिस नहीं किए। पुलिस ने धारा 406, 420, 120बी के तहत मामला दर्ज किया है।