बीजिंग: मध्य चीन में आज एक पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई। पुल पर से पटाखे ले कर जा रहे एक ट्रक में विस्फोट हो गया जिससे पुल और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मध्य चीन के हेनान प्रांत में बना यह पुल आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। चाइना नेशनल रेडियो की खबर में कहा गया है कि हादसे में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर में कहा गया है कि मियान्ची कस्बे में बने इस पुल पर स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बज कर 52 मिनट पर विस्फोट हुआ जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो कर नीचे गिर गए। विस्फोट के कारण पुल का 80 मीटर लंबा भाग ध्वस्त हो गया। मलबे से छह वाहनों को निकाला गया है। यह पुल लियान्युगांग खोरगाज एक्सप्रेसवे का हिस्सा है।