चंडीगढ़ - शिअद के प्रधान व उपमुख्यमंत्री पंजाब सुखबीर सिंह बादल ने आज कहा कि पटियाला उपचुनाव को पटियाला के लोक समाज सेवा को समर्पित भगवान दास जुनेजा को बडी जीत दिलाकर रजवाड़ा शाही का अंत करने के अवसर के रूप में लेगें। यह बात उन्होंने शिअद -भाजपा गठबधंन के उम्मीदवार भगवान दास जुनेजा के हक में आज पटियाला में हुई एक भव्य रैली को संबोधन करते हुये कही।
बादल ने कहा कि पटियाला उपचुनाव के लिए जुनेजा का पार्टी उम्मीदवार के रूप में चयन पार्टी ने उनकी समाज के प्रति सेवाओं को मध्यनजर रखतें हुए किया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह चाय की दुकान से अपने जीवन की शुरूआत करने वाले जुनेजा समाज के प्रति अपनी जिम्मेवारियों को निभाते रहे हैं।
शिअद प्रधान ने पटियाला के लोगों को अपील की कि जब महारानी परनीत कौर उनके पास वोट मांगने आए तो उनसे लोग एक प्रश्र जरूर पूछे कि उन्होने बीते दस वर्षो दौरान पटियाला के विकास के लिए केन्द्र से कौन सा प्रोजेक्ट लिया है। उन्होंने कहा कि परनीत कौर ने कांग्रेस की यूपीए सरकार में मंत्री होते हुये भी पटियाला के विकास के लिए कोई प्रोजैक्ट या योजना लाने की कोशिश नही की।