अकाली नेता ने संगरूर शहर में किया जनसभाओं का आयोजन
संगरूर। शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार को कर्ज के मुद्दे पर घेरते हुए कहा है कि पंजाब सरकार ने महज बीस दिनों में 2800 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर जहां नया कीर्तीमान स्थापित किया है वहीं पंजाब को वित्तीय संकट की तरफ धकेला है।
अरविंद खन्ना स्थानीय प्रताप अंबेडकर नगर व प्रताप नगर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अप्रैल माह के दौरान पंजाब सरकार ने गुपचुप तरीके से पहले दो अप्रैल को 1500 करोड़ तथा अब 21 अप्रैल को 1300 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। वर्ष 2022 में रंगला पंजाब बनाने का नारा देकर पंजाब वासियों को गुमराह करने वाली आम आदमी पार्टी ने कर्ज के मामले में पुराने सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। अरविंद खन्ना ने कहा कि 1300 करोड़ रुपये का कर्ज वर्ष 2038 तक वापस किया जाएगा।
अकाली नेता ने कहा कि पंजाब के सिर इस समय चार लाख करोड़ का कर्ज है। यह लगातार बढ़ रहा है। अरविंद खन्ना ने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार के सत्ता में आने पर राज्य को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। अरविंद खन्ना ने शहर के पूनिया टावर में शहर के सभी 29 वार्डों के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें पार्टी की नीतियां घर-घर पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने संगरूर के विकास का संकल्प लिया। इस अवसर पर कई मौजूदा तथा पूर्व पार्षद व अकाली दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।