अकाली नेता ने गांवों में सुनी किसानों की समस्याएं
पराली जलती देखने वाली सेटलाइट खेतों में नष्ट हुई फसल क्यों नहीं देखती
अकाली दल किसानों की हर संभव मदद करने के लिए वचनबद्ध
संगरूर। शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने पंजाब सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बेमौसमी बारिश तथा ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को गुमराह करने की बजाए उन्हें तुरंत प्रभाव से 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाए। क्योंकि जो सरकार अभी तक पिछले साल आई बाढ़ से प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं दे सकी है उस सरकार से अब बेमौसमी बरसात से हुए नुकसान का मुआवजा देने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अरविंद खन्ना ने संगरूर के गांव चंगाल, बंगावाली समेत कई गांवों में किसानों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनी। किसानों से बातचीत के बाद अरविंद खन्ना ने कहा कि संगरूर समेत समूचे पंजाब के किसानों को प्राकृति के साथ- साथ पंजाब सरकार की मार झेलनी पड़ रही है। बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि ने जहां फसल बर्बाद कर दी है वहीं मंडियों में किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं है।
मंडियों में भी बारिश के कारण फसल भीग रही है। अपनी नाकामियों के लिए अब सरकार किसानों को गेहूं में नमी की मात्रा अधिक बताकर परेशान करेगी। अरविंद खन्ना ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी पंजाब सरकार किसानों को भगवान भरोसे छोडक़र गायब हो गई है। मुख्यमंत्री गिरदावरी करवाने केवल दावे कर रहे हैं। जो सेटलाइट किसानों के खेत में जलती हुई पराली को देखती है उसे बारिश व ओलावृष्टि से हुआ नुक्सान क्यों नजर नहीं आता।
अरविंद खन्ना ने कहा कि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने पंजाब में बाढ़ के दौरान किसानों की सीधी आर्थिक मदद की थी। अब पार्टी की तरफ से किसानों की मदद के लिए योजना बनाई गई है। हर बार की तरह इस बार भी पंजाब में अकाली दल के कार्यकर्ता व नेता किसानों के साथ खड़े हैं। अकाली दल किसानों की हर संभव मदद करने के लिए वचनबद्ध है। इस अवसर पर अकाली नेता दविंद्र सिंह, नंबरदार जागर सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद थे।