सुखबीर बादल की घोषणाओं ने सरकार व अन्य दलों से छीना मुद्दा
बुढ़ापा पेंशन 3100 व आटा-दाल योजना का विस्तार स्वागत योग्य कदम
संगरूर। शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने कहा है कि अकाली दल की पंजाब व पंजाबियत के हितों की रक्षा करने वाली पार्टी है।
अरविंद खन्ना भाजपा किसान विंग ब्लाक भवानीगढ़ के प्रधान भूपिंदर सिंह तथा भाजपा एससी विंग ब्लाक प्रधान तेजी सिंह को अकाली दल में शामिल करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अरविंद खन्ना ने कहा कि अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल द्वारा पंजाब दौरे के दौरान की जा रही घोषणाओं ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी समेत सभी राजनीतिक दलों से मुद्दा छीन लिया है। पंजाब के लोग अकाली दल द्वारा आयोजित पंजाब बचाओ रैलियों में बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं।
अरविंद खन्ना ने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर गरीब बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली ‘शगुन’ राशि बढ़ाकर 1 लाख करने, बुढ़ापा पेंशन 3100 रुपये प्रति माह करने तथा आटा-दाल योजना को दोबारा शुरू कर उसका विस्तार करने जैसी घोषणाएं सीधे आम जनता से जुड़ी हैं। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार के कार्यकाल के दौरान इन योजनाओं के माध्यम से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिला है। अकाली नेता ने कहा कि संगरूर समेत पंजाब के लोगों ने अकाली दल को राजनीतिक विकल्प के रूप में स्वीकार कर लिया है।
अरविंद खन्ना ने कहा कि इस समय केवल अकाली दल ही ऐसी पार्टी है जिसके पास पंजाब के सर्वांगीण विकास का स्पष्ट विजन है और वे दिल्ली आधारित पार्टियों की तरह नहीं हैं, जो केवल सत्ता का लाभ लेने के लिए राज्य में आती हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल का पहला उद्देश्य गरीबों, किसानों और मजदूरों की भलाई सुनिश्चित करना है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के लिए शगुन योजना, बुढ़ापा पेंशन और आटा-दाल योजना जैसी कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर एक मिसाल कायम की थी।