दून स्कूल के वार्षिक उत्सव इगनाइट-2025 में हुए शामिल
विद्यार्थियों को रोजगारोनमुखी तथा वोकेशनल शिक्षा देना समय की मांग
संगरूर। भारत के संविधान में प्रत्येक नागरिक को शिक्षा का समान अधिकार दिया गया है। बेहतर शिक्षा लेना जहां विद्यार्थी का हक है वहीं उच्च स्तरीय गुणवत्ता परक शिक्षा देना अध्यापक तथा स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
उक्त विचार पंजाब भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने स्थानीय दून इंटरनेशन के वार्षिक समारोह इगनाइट-2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। अरविंद खन्ना ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को रोजगारोनमुखी तथा वोकेशन शिक्षा प्रदान करना जरूरी है। विद्यार्थी अध्यापक का आइना होता है।
एक विद्यार्थी अपनी दैनिक दिनचर्या के दौरान अधिक समय स्कूल में व्यतीत करता है। ऐसे में अध्यापक की जिम्मेदारी बनती है कि वह विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी दें ताकि वह बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य, लघु नाटिका समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूल के निदेशक अजीत इंदर सिंह मानशाहिया ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की तथा भविष्य में विद्यार्थियों में हित में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।