चण्डीगढ़ : हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण राज्य में आए बाढ़ से प्रभावित जिलों में हुए पशु धन के नुकसान का जायजा लेने के लिए पंजाब सरकार द्वारा भिन्न-भिन्न टीमों का गठन किया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए आज यहां राज्य के पशु पालन मंत्री स. गुलजार सिंह रणिके ने बताया कि ताजा बाढ़ के कारण पंजाब के मोगा, मुक्तसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला और अमृतसर जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
मंत्री ने बताया कि पशुओं को गलघोटू बीमारी से बचाने के लिए नि:शुल्क टीकाकरण, नि:शुल्क हरा चारा मुहैया करवाने के लिए ओर अन्य बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए नि:शुल्क दवाईयां प्रदान करने के लिए उक्त प्रभावित जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किये गये हैं। सम्बन्धित जिले के पशु पालन विभाग का उप निदेशक इस नियंत्रण कक्ष का इंचार्ज होने के साथ साथ जिले का नोडल अधिकारी भी होगा।
मंत्री ने आगे बताया कि मोगा जिले में चार टीमें, मुक्तसर में 15, फिरोजपुर में 14, गुरदासपुर में 8, तरनतारन में 7, कपूरथला 7 और अमृतसर जिले में 4 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम का इंचार्ज वैटरर्नरी अधिकारी होगा और उसके साथ दो बैटरर्नरी अधिकारी भी होंगें।
मंत्री ने उच्चाधिकारियों को प्रभावित जिलों का नीजि तौर पर दौरा करके पशु धन के हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरन्त देने के लिए कहा ताकि समय पर आवश्यक कदम उठाये जा सकें। उन्होंने पशु पालकों को अपील की कि किसी भी सहायता के लिए मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष नम्बर 0172-2701341 सम्बन्धित जिले के कंट्रोल रूम से सम्पर्क किया जाये।