चीन के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को सुबह एक तेज भूकंप आया है। प्रारंभिक खबरों के अनुसार इसमें 47लोगों की मौत हो गई है और करीब 300 लोग घायल हुए हैं।
यह भूकंप पहाड़ी क्षेत्र में आया है। गांसू प्रांत के डिंगसी शहर के पास भूकंप का सबसे ज्यादा असर हुआ है। भूकंप से मौतें मिन काउंटी और डिंग्सी के अन्य म्युनिसपलिटी एरिया में हुई हैं।
भूकंप का पहला झटका सुबह 7: 45 बजे आया।इसकी तीव्रता 6.6 थी और इसके बाद सुबह 9:12 बजे 5.6 की तीव्रता का दूसरा झटका भी आया। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार कई इमारतें धराशायी हो गई हैं।
चीन की सरकार ने आपातकालीन स्तरीय सहायता प्रभावित क्षेत्रों के लिए शुरू कर दी है। गांसू सैन्य पुलिस ने प्रभावित इलाकों में 500 जवानों को तैनात कर दिया है, जिनमें 120 राहत और बचाव कार्यों के विशेषज्ञ हैं. इसके साथ ही 500 आपातकालीन तंबू और 2,000 रजाई भी भेजी गईं हैं।