कपूरथला – प्रदेश में मालवा,माझा और दोआबा में कैंसर रोगियों को पूर्ण उपचार सुविधा प्रदान करने के लिए चंडीगढ़ पीजीआई की बेहतरीन उपचार सुविधाओं की तर्ज पर राज्यों के विभिन्न सरकारी अस्पतालों को अपग्रेड करने के लिए केंद्र सरकार का स्वास्थ्य मंत्रालय योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री संतोष चौधरी ने कपूरथला प्रवास के दौरान बातचीत करने के दौरान कही। संतोष चौधरी कपूरथला के योजना भवन में मानीटरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए पहुंची हुई थी।
केंद्रीय मंत्री संतोष चौधरी ने कहा कि पंजाब में तेजी से पैर पसार रहे जानलेवा कैंसर बीमारी के रोगियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए संगरूर में 500 बैड का अस्पताल बनाने की योजना तैयार की गई है और प्रथम स्तर पर 300 बैड तत्काल शुरू किए जाएंगे। इससे माझा क्षेत्र को भारी राहत प्रदान होगी। उन्होंने कहा कि संगरूर के बाद फिरोजपुर में भी कैंसर अस्पताल की योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उक्त दोनों अस्पतालों में कैंसर रोगी की जांच के लिए सभी आधुनिक टैस्ट और उपचार प्रक्रिया में रेडियो थैरपी और किमो थैरपी के अलावा जटिल से जटिल सर्जरी की सुविधा भी रोगियों के लिए न्यूनतम दरों पर मौजूद होगी। मैडम चौधरी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों के अस्पतालों में कैंसर स्पेशलिस्ट अकोलजी डाक्टर तैनात करने के लिए नई दिल्ली में मंत्रालय की बैठक भी आयोजित की जा रही है। कैंसर की रोकथाम के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च कर अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा,ताकि कैंसर रोग की प्रथम स्तर पर जांच व उपचार तत्काल मुहैया हो सके।