जीरकपुर - जीरकपुर के कई हिस्सों में बिजली सप्लाई की बुरी हालत है। वार्ड 11 और मार्केट के एक बड़े हिस्से में कई दिनों से बिजली की अघोषित कटौती और लो वोल्टेज के कारण लोग परेशान हैं। बुधवार दिन और रात को कई बार बिजली बंद हुई। लोगों ने परेशान होकर पटियाला रोड पर रात 8 से 9 बजे तक ट्रैफिक रोका और नारेबाजी की।
कांग्रेस के शहरी ब्लॉक प्रधान जसपाल सिंह की अगुआई में कई लोग पटियाला चौक पर जमा हुए। लोगों ने पंजाब पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया। पावरकॉम के अधिकारी भी मौके पर आए। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। जसपाल सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार बिजली देने के बड़े दावे कर रही है, लेकिन हकीकत में यहां के हालात बेहद खराब हैं। यहां न तो पावरकॉम के पास कर्मचारी हैं, न ही अन्य साजोसामान। पूरे शहर की बिजली भगवान भरोसे है। लोग जेनरेटरों के सहारे गुजारा कर रहे हैं। दिन में कई बार बिजली कटौती हो रही है, जबकि बिजली के दाम इतने ज्यादा हैं कि लोग परेशान हैं। पंजाब सरकार लोगों पर दोतरफा मार कर रही है। दलजीत सिंह , दिलबाग सिंह, इंदरजीत सिंह, बलदेव सिंह, अवतार सिंह, मेवा सिंह व अन्य कई लोगों ने यहां रोष प्रकट किया।