चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस के ऑपरेशन सेल ने अलग-अलग दो अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक गिरोह का कनेक्शन पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये ड्रग्स की सप्लाई करते थे और हवाला के जरिये रुपये ट्रांसफर करते थे। गिरोह के कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हैरानी की बात यह है कि गिरोह में एक विदेशी महिला भी शामिल है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिला तस्कर अफ्रीका की रहने वाली है। अफ्रीकन महिला भी आरोपियों के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी करती थी।
इसके अलावा नशा तस्करी के मामले में अंतरराष्ट्रीय गैंग के गिरफ्तार आरोपियों से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरोह के ये शातिर पाकिस्तान की आईएसआई एजेंसी के लिए अंडरकवर एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे। आरोपियों ने राजस्थान के बीकानेर से सेना की फोटो और वीडियो आईएसआई को भेजे हैं।