चंडीगढ़ - पंजाब के शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूका के काफिले के एक वाहन के दो सुरक्षाकर्मियों की आज सड़क हादसे में मौत हो गयी। चंडीगढ़ - दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा हुआ। मंत्री की कार उस वाहन से पीछे चल रही थी जिसमें ये दोनों सुरक्षाकर्मी सवार थे। इन दोनों सुरक्षाकर्मियों की पहचान हरबंस एवं गुरमीत सिंह के रूप में हुई है और वे क्रमश: बठिंडा एवं मानसा के निवासी थे।
हरियाणा में सोनीपत के कुंडली में पायलट कार के ड्राइवर को सड़क पर टूटे हुई बिजली के तार नजर आए और उसने अचानक ब्रेक लगाया। भारी बारिश की वजह से ये तार टूट गए थे। मलूका ने कहा, ‘ब्रेक लगने पर कार के पिछले हिस्से में बैठे दोनों पुलिसकर्मी बाहर गिर गए। चूंकि सड़क पर डिवाइडर नहीं था, ऐस में दोनों लुढकर दूसरी लेन में चले गए और दूसर ओर से आ रही गाड़ी के पहिए से कुचले गए।’ मंत्री राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक में हिस्सा लेने चंडीगढ़ से दिल्ली जा रहे थे। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।