चडीगढ़ - पंजाब में स्कूली शिक्षा का स्तर और बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग विशेष प्रयास करेगा। इस संबंध में सर्व शिक्षा अभियान के तहत आवंटित 776 करोड़ रुपए के फंड्स का और अधिक उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बुधवार को शिक्षा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते कहा कि सरकारी स्कूलों विशेष कर ग्रामीण स्कूलों में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे ताकि राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे स्टूडेंट्स को गुणात्मक शिक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि बढ़ती प्रतियोगिता के चलते बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए उन्हें बेहतर स्कूल शिक्षा प्रदान करना बेहद जरूरी है।
सर्वशिक्षा अभियान फंडों की प्राथमिकता के आधार पर फंड का विवरण देते हुए डीजीएसई काहन सिंह पन्नू ने बताया कि इन फंड्स से राज्य भर में 15 नए प्राइमरी स्कूलों और 23 मिडल स्कूलों को खोलने तथा 5 रिहायशी हॉस्टलों को नई सुविधाओं से लेस किया जाएगा।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि स्कूलों में निर्माण कार्यों सहित खाली जगह के उचित प्रयोग करते हुए खुले और हवादार कमरे बनाए जाने चाहिए ताकि बच्चों को पढऩे का उचित माहौल मिले।